1. क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी (जे.ए.ओ) कौन होता है?
क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी (जे.ए.ओ.) आयकर विभाग का एक अधिकारी होता है जो अपने क्षेत्राधिकार में करदाताओं द्वारा फ़ाइल आयकर विवरणी की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होता है।
2. मुझे अपने जे.ए.ओ. से कब संपर्क करने की आवश्यकता होती है?
यदि आपकी फ़ाइल से संबंधित कोई समस्या नहीं है, तो आपको अपने जे.ए.ओ. से संपर्क करने की आवश्यकता नहीं है। सामान्य नियम के अनुसार, आई.टी.डी. सभी करदाता सेवाएं ऑनलाइन, फ़ेसलेस तरीके से प्रदान करने का प्रयास करती है। हालांकि, कुछ असाधारण परिस्थितियों में आई.टी.डी. आपसे अपने क्षेत्राधिकार के ए.ओ. से संपर्क करने का अनुरोध कर सकती है।
3.क्या मुझे 'अपना जे.ए.ओ. जानें' सेवा का लाभ उठाने के लिए ई-फ़ाइलिंग पोर्टल में पंजीकृत अपने मोबाइल नंबर का उपयोग करना आवश्यक है?
आप इस सेवा का लाभ उठाने के लिए किसी भी वैध मोबाइल नंबर का उपयोग कर सकते हैं।
4. मैं एक अलग शहर/राज्य में स्थानांतरित हो गया\गयी हूँ, तो क्या मुझे अपना जे.ए.ओ. बदलना आवश्यक है?
हाँ। जब आप अपना स्थायी पता या आवासीय पता एक राज्य से दूसरे राज्य में स्थानांतरित करते हैं, तो नए जे.ए.ओ. के पास अपना पैन स्थानांतरित करवाना आवश्यक है। भले ही आयकर विभाग सभी आवश्यक सेवाएं ऑनलाइन प्रदान करने का प्रयास करता है, किंतु कभी-कभी आपको अपने जे.ए.ओ. से संपर्क करने की आवश्यकता पड़ सकती है। अतः, आपके हित में है कि आप अपना पैन उचित क्षेत्राधिकार ए.ओ. के पास स्थानांतरित करवाएं, ताकि ज़रूरत पड़ने पर आप आसानी से उनसे संपर्क कर सकें।
5. आयकर वार्ड/सर्कल क्या है?
आयकर संबंधी सेवाओं/कार्य के प्रभावी प्रशासन के लिए पूरे देश में निर्धारित क्षेत्राधिकार के आधार पर अनेक वार्ड/सर्कल बनाए गए हैं। प्रत्येक वार्ड/सर्कल में एक क्षेत्राधिकार ए.ओ. होता है, जो डी.सी.आई.टी./ए.सी.आई.टी. या आई.टी.ओ. होता है।
6.अपना पैन नए जे.ए.ओ. के पास स्थानांतरित करने के लिए मुझे क्या करना चाहिए?
आपको अपने पैन को वर्तमान क्षेत्राधिकार ए.ओ. के पास स्थानांतरित करवाने के लिए एक आवेदन फ़ाइल करना होगा। इस प्रक्रिया में निम्नलिखित शामिल है:
- अपने वर्तमान जे.ए.ओ. को एक आवेदन लिखें जिसमें परिवर्तन का कारण पता-परिवर्तन बताएं।
- नए जे.ए.ओ. को एक आवेदन लिखें, जिसमें उनसे वर्तमान जे.ए.ओ. को परिवर्तन के लिए आवेदन करने का अनुरोध करें।
- वर्तमान जे.ए.ओ. को इस आवेदन को स्वीकार करना होगा।
- अनुमोदन के उपरांत, आवेदन आयकर आयुक्त के पास भेजा जाता है।
- आयुक्त से अनुमोदन के बाद जे.ए.ओ. बदल दिया जाता है।
आपको अपने नए पते के आधार पर अपना पैन नए जे.ए.ओ. के पास स्थानांतरित करवाने के लिए अपने वर्तमान जे.ए.ओ. को लिखित अनुरोध करना आवश्यक है।
7. मुझे कैसे पता चलेगा कि मेरा पैन नए जे.ए.ओ. के पास स्थानांतरित हो गया है?
आपके पैन के क्षेत्राधिकार ए.ओ. की वर्तमान स्थिति ई-फ़ाइलिंग पोर्टल > 'अपना जे.ए.ओ. जानें' पर सत्यापित की जा सकती है। इस सेवा का उपयोग करने के लिए आपको पंजीकरण या लॉग इन करने की आवश्यकता नहीं है।.