1.प्रोटियन पोर्टल (पहले एन.एस.डी.एल.) पर उपलब्ध “ओ.एल.टी.ए.एस. करों का ई-भुगतान” की तुलना में, ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर उपलब्ध नई ई-भुगतान कर सेवा में क्या अंतर हैं?
ई-भुगतान कर सेवा में, प्रत्यक्ष कर के भुगतान से जुड़ी चालान (सी.आर.एन.) बनाने, भुगतान करने और भुगतान का इतिहास रिकॉर्ड करने जैसी सभी गतिविधियां अधिकृत बैंकों के लिए ई-फ़ाइलिंग पोर्टल (होम | आयकर विभाग) के माध्यम से की जा सकती हैं। इस सुविधा में फ़ॉर्म 141 (धारा 393(1) के तहत कर कटौती के लिए चालान और विवरणी) (जिसे पहले फ़ॉर्म 26QB/26QC/26QD/26QE के नाम से जाना जाता था) फ़ाइल करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
नई सुविधा में, करदाताओं को भुगतान के कई तरीके उपलब्ध कराए जाते हैं, जैसे नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड,
बैंक काउंटर पर भुगतान (काउंटर पर)। करदाताओं को ऐसे बैंकों के माध्यम से भुगतान करने के लिए आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. तथा भुगतान गेटवे (नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड तथा यू.पी.आई.) जैसे तरीकों का उपयोग करने का विकल्प भी दिया जाता है, जो सीधे कर एकत्र करने के लिए अधिकृत नहीं हैं। इस सुविधा का उपयोग करके भुगतान करने के लिए, ई-फ़ाइलिंग पोर्टल की ई-भुगतान कर सुविधा पर चालान (सी.आर.एन.) बनाना आवश्यक है। इसके अलावा, ई-फ़ाइलिंग पोर्टल में सी.एस.आई. (चालान की स्थिति की पूछताछ) सुविधा भी जोड़ी गई है। टैन उपयोगकर्ता 'क्विक लिंक्स' का उपयोग करके लॉगिन से पहले सी.एस.आई. फ़ाइल डाउनलोड कर सकते हैं या फिर लॉगिन के बाद, उपयोगकर्ता 'सी.एस.आई. फ़ाइल डाउनलोड करें' टैब पर जाकर ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा के माध्यम से किए गए कर भुगतान के लिए सी.एस.आई. फ़ाइल डाउनलोड कर सकते हैं।
2. वे कौनसे अधिकृत बैंक हैं जिनके माध्यम से ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर कर भुगतान करना आवश्यक है?
अभी, नीचे बताए गए बैंक ई-फ़ाइलिंग पोर्टल के माध्यम से कर भुगतान करने के लिए उपलब्ध हैं। अधिकृत बैंकों के माध्यम से भुगतान केवल ई-फ़ाइलिंग पोर्टल से ही किया जाना चाहिए। करदाता ई-फ़ाइलिंग सिस्टम में एन.ई.एफ़.टी./आर.टी.डी.एस. जैसे भुगतान के नए तरीकों और भुगतान गेटवे का उपयोग करके उन बैंकों के माध्यम से भी भुगतान कर सकते हैं जो अधिकृत नहीं हैं।
ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा के माध्यम से कर भुगतान के लिए उपलब्ध बैंकों की सूची नीचे दी गई है:
ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर उपलब्ध बैंक |
एक्सिस बैंक बंधन बैंक बैंक ऑफ़ बड़ौदा बैंक ऑफ़ इंडिया बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र केनरा बैंक सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया सिटी यूनियन बैंक डी.सी.बी. बैंक फ़ेडरल बैंक एच.डी.एफ़.सी. बैंक आई.सी.आई.सी.आई. बैंक आई.डी.बी.आई. बैंक इंडियन बैंक इंडियन ओवरसीज़ बैंक इंडसइंड बैंक जम्मू एवं कश्मीर बैंक करूर वैश्य बैंक कोटक महिंद्रा बैंक पंजाब एवं सिंध बैंक पंजाब नेशनल बैंक आर.बी.एल. बैंक साउथ इंडियन बैंक भारतीय स्टेट बैंक यूको बैंक यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया धनलक्ष्मी बैंक आई.डी.एफ़.सी. फ़र्स्ट बैंक कर्नाटक बैंक भारतीय रिज़र्व बैंक तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक यस बैंक |
अस्वीकरण: अधिकृत बैंकों की सूची 25 मार्च, 2026 को अपडेट की गई है और यह समय-समय पर बदलती रहती है।
3. अधिकृत बैंकों के अलावा अन्य माध्यमों से कर भुगतान करने की प्रक्रिया क्या है?
अधिकृत बैंकों के अलावा अन्य माध्यमों से कर भुगतान ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा के माध्यम से एन.ई.एफ़.टी./आर.टी.जी.एस. या भुगतान गेटवे मोड से किए जा सकते हैं
4. ई-भुगतान कर सुविधा को कैसे एक्सेस करें?
ई-भुगतान कर सुविधा को एक्सेस करने के लिए, करदाता को होम | आयकर विभाग पर जाना होगा, जहाँ यह सुविधा लॉगिन से पहले (होमपेज पर क्विक लिंक्स में) और लॉगिन के बाद वाले मोड में उपलब्ध है।
5. क्या कर भुगतानों के लिए चालान (सी.आर.एन.) बनाना आवश्यक है?
ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा में, प्रत्यक्ष कर के भुगतान के लिए चालान जनरेट करना आवश्यक है। जनरेट किए गए हर चालान के साथ एक यूनिक चालान संदर्भ संख्या (सी.आर.एन.) जुड़ी होगी।
6. चालान (सी.आर.एन.) कौन जनरेट कर सकता है?
कोई भी करदाता (जिसमें टैक्स काटने और इकट्ठा करने वाले भी शामिल हैं) जिसे प्रत्यक्ष कर का भुगतान करना है और जो ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा का उपयोग करना चाहता है, वह चालान (सी.आर.एन.) जनरेट कर सकता है। सेवा में उपलब्ध लॉगिन-पूर्व/लॉगिन-पश्चात विकल्प के माध्यम से चालान (सी.आर.एन.) जनरेट किया जा सकता है।
7. चालान (सी.आर.एन.) जनरेट करने के बाद भुगतान करने के लिए अलग-अलग मोड कौनसे हैं?
चालान (सी.आर.एन.) जनरेट करने के बाद, भुगतान करने के लिए ये मोड उपलब्ध हैं:
- नेट बैंकिंग (अधिकृत बैंकों का चयन करें)
- चुनिंदा प्राधिकृत बैंकों का डेबिट कार्ड
- बैंक काउंटर पर भुगतान (चुनिंदा प्राधिकृत बैंकों की शाखाओं में काउंटर पर भुगतान)
- आर.टी.जी.एस. / एन.ई.एफ़.टी. (इस सुविधा वाले किसी भी बैंक के माध्यम से)
- भुगतान गेटवे (किसी भी बैंक के नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यू.पी.आई. जैसे भुगतान के तरीकों का उपयोग करके)
ध्यान दें कि कर भुगतान के बैंक में भुगतान वाले तरीके का उपयोग वे करदाता नहीं कर सकते जो कंपनी हैं या ऐसे व्यक्ति (कंपनी के अलावा) हैं, जिन पर नियम 333 के अनुसार आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 63 के प्रावधान लागू होते हैं (यानी वे करदाता जिनके लिए अपने खाते का लेखा-परीक्षण कराना आवश्यक है)
8. क्या कोई करदाता गलती से चुकाई गई कर की राशि के लिए प्रतिदाय/ वापसी का अनुरोध कर सकता है?
गलती से भुगतान की गई चालान राशि के प्रतिदाय या वापसी के अनुरोध को आयकर ई-फ़ाइलिंग पोर्टल के माध्यम से प्रोसेस नहीं किया जा सकता है।
करदाता को सुझाव दिया जाता है:
- संबंधित मूल्यांकन वर्ष/कर वर्ष के लिए आयकर रिटर्न (आई.टी.आर.) में इस राशि को कर क्रेडिट के रूप में दावा करें, या
- गलती से चुकाए गए कर के प्रतिदाय या समायोजन के लिए क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी (ए.ओ.) को अनुरोध भेजें
9. यदि चालान (सी.आर.एन.) बनने के बाद कोई भुगतान शुरू नहीं किया जाता है, तो क्या होगा?
जब तक चालान संदर्भ संख्या (सी.आर.एन.) के साथ चालान पूरी तरह से जनरेट नहीं हो जाता, तब तक आंशिक रूप से बनाया गया चालान “सहेजे गए ड्राफ़्ट” टैब में रहता है। सी.आर.एन. जनरेट होने के बाद, यह “जनरेट किए गए चालान” टैब में चला जाता है और सी.आर.एन. जनरेट होने की तिथि से 15 दिनों तक मान्य रहता है। करदाता इस मान्यता अवधि के दौरान सी.आर.एन. के लिए भुगतान शुरू कर सकता है। यदि इस अवधि में कोई भुगतान शुरू नहीं किया जाता है, तो सी.आर.एन. की समय-सीमा समाप्त हो जाएगी और भुगतान करने के लिए करदाता को नया सी.आर.एन. जनरेट करना होगा।
अगर 'अग्रिम कर' के भुगतान के लिए 16 मार्च या उसके बाद चालान (सी.आर.एन.) जनरेट होता है, तो उसकी मान्यता की अंतिम तिथि अपने-आप उस वित्त वर्ष की 31 मार्च तय हो जाती है।
10. चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) पर छपी "मान्यता की अंतिम तिथि" का क्या अर्थ है?
“इस समय तक मान्य” तिथि वह तिथि है, जब तक चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) से भुगतान किया जा सकता है। “मान्यता की अंतिम तिथि” खत्म होने के बाद, उपयोग न किए गए चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) की स्थिति 'समय-सीमा समाप्त' हो जाती है। उदाहरण के लिए, यदि कोई सी.आर.एन. 1 अप्रैल को बनाया जाता है, तो वह 16 अप्रैल तक मान्य रहेगा और यदि उस सी.आर.एन. से भुगतान शुरू नहीं किया जाता है, तो 17 अप्रैल को सी.आर.एन की स्थिति 'समय-सीमा समाप्त' हो जाएगी।
यदि कोई करदाता 'बैंक काउंटर पर भुगतान' के तरीके के तौर पर 'चेक' का उपयोग करते हुए, 'मान्यता की अंतिम तिथि' या उससे पहले अधिकृत बैंक में भुगतान साधन जमा करता है, तो चालान की 'मान्यता की अंतिम तिथि' को 90 दिन और बढ़ा दिया जाएगा।
अगर 'अग्रिम कर' के भुगतान के लिए चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) 16 मार्च या उसके बाद जनरेट होता है, तो उसकी मान्यता की अंतिम तिथि अपने-आप उस वित्त वर्ष की 31 मार्च तय हो जाती है।
11. करदाता जनरेट किया गया चालान (सी.आर.एन.) कहाँ देख सकता है? क्या करदाता समाप्त समय-सीमा वाले चालान (सी.आर.एन.) देख पाएगा?
करदाता लॉगिन करने के बाद ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर “जनरेट किए गए चालान” टैब में ई-भुगतान कर पेज पर जनरेट किए गए चालान (सी.आर.एन.) देख सकते हैं।
समाप्त समय-सीमा वाले चालान (सी.आर.एन.) भी ई-भुगतान कर पेज पर जनरेट किए गए चालान टैब में, "मान्यता की अंतिम तिथि" से 30 दिनों तक उपलब्ध रहेंगे।
12.क्या करदाता पहले से जनरेट हुए चालान (सी.आर.एन.) में परिवर्तन कर सकता है?
नहीं। चालान (सी.आर.एन.) जनरेट होने के बाद, उसमें परिवर्तन नहीं किया जा सकता। हालाँकि, पुराने चालान (सी.आर.एन.) की जानकारी कॉपी करके नया चालान बनाया जा सकता है।
13. क्या चालान (सी.आर.एन.) जनरेट करते समय करदाता को भुगतान का तरीका चुनना होता है?
हाँ, चालान (सी.आर.एन.) जनरेट करते समय करदाता के लिए भुगतान का तरीका चुनना आवश्यक है।
14. क्या करदाता चालान (सी.आर.एन.) जनरेट करने के बाद कर भुगतान का तरीका बदल सकता है?
चालान (सी.आर.एन.) जनरेट हो जाने के बाद, करदाता भुगतान का तरीका नहीं बदल सकता।
अगर करदाता किसी दूसरे तरीके से कर का भुगतान करना चाहता है, तो नया चालान (सी.आर.एन.) जनरेट करना होगा और पुराने चालान की समय-सीमा 15 दिनों के बाद समाप्त हो जाएगी।
15. करदाता को कैसे पता चलेगा कि कर का भुगतान सफल हो गया है?
कर का भुगतान पूरा होने पर, चालान की रसीद जनरेट होती है। इस चालान रसीद में चालान पहचान संख्या (सी.आई.एन.), बी.एस.आर. कोड, भुगतान की तिथि और दूसरी जानकारी होती है। साथ ही, "भुगतान का इतिहास" टैब में सी.आर.एन. की स्थिति भी "भुगतान किया गया" के रूप में अपडेट हो जाएगी। करदाता भुगतान के इतिहास से चालान रसीद डाउनलोड कर सकते हैं और देख सकते हैं।
16. चालान की ड्राफ़्ट स्थिति का क्या अर्थ होता है?
चालान ई-भुगतान कर सुविधा के “सहेजे गए ड्राफ़्ट” टैब में सहेजे जाते हैं। इन्हें अंतिम ड्राफ़्ट सेव होने के 15 दिनों के अंदर संपादित करने और सी.आर.एन. जनरेट करने के लिए दोबारा निकाला जा सकता है।
17. चालान (सी.आर.एन.) के “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाई देने वाले “भुगतान शुरू नहीं किया गया” स्थिति का क्या अर्थ है?
“भुगतान शुरू नहीं किया गया” स्थिति का अर्थ है कि एक मान्य चालान (सी.आर.एन.) जनरेट हो गया है, लेकिन भुगतान शुरू नहीं हुआ है।
- नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या भुगतान गेटवे के माध्यम से चुने गए ई-भुगतान के लिए यह स्थिति तब तक दिखता है, जब तक करदाता ई-फ़ाइलिंग पोर्टल से ऑनलाइन लेन-देन शुरू नहीं करता।
- 'बैंक काउंटर पर भुगतान' मोड के लिए यह स्थिति तब तक दिखाई देती है, जब तक करदाता बैंक की शाखा में भुगतान साधन प्रस्तुत नहीं कर देता।
- आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड के लिए यह स्थिति तब तक दिखाई देती है, जब तक भारतीय रिज़र्व बैंक (हिताधिकारी बैंक) को कर का भुगतान नहीं मिल जाता।
18. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की “शुरू किया गया” स्थिति का क्या अर्थ है?
जब करदाता ई-फ़ाइलिंग पोर्टल से नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या भुगतान गेटवे के माध्यम से सी.आर.एन. के लिए भुगतान शुरू करता है, तो स्थिति “ शुरू किया गया ” दिखाई देती है। भुगतान शुरू हो जाने के बाद, करदाता उसी सी.आर.एन. के लिए दोबारा भुगतान शुरू नहीं कर सकता, चाहे उसकी स्थिति कुछ भी हो। यदि आवश्यकता हो, तो करदाता नया सी.आर.एन. बनाने के लिए "कॉपी करें" सुविधा का उपयोग कर सकता है।
19. "जनरेट किए गए चालान" टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) के "बैंक से कोई प्रतिक्रिया नहीं" स्थिति का क्या अर्थ है?
अगर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या भुगतान गेटवे के माध्यम से भुगतान शुरू किया जाता है, लेकिन भुगतान शुरू होने के 30 मिनट के अंदर भुगतान करने वाले के बैंक से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो “बैंक से कोई प्रतिक्रिया नहीं” की स्थिति दिखाई देती है।
यदि बैंक से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है और भुगतान करने वाले के खाते से पैसे कट जाते हैं, तो करदाता को एक दिन प्रतीक्षा करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि ई-फ़ाइलिंग पोर्टल बैंक के साथ सी.आर.एन. का मिलान करेगा और उसी के अनुसार सी.आर.एन. की स्थिति अपडेट करेगा। यदि फिर भी सी.आर.एन. की स्थिति अपडेट नहीं होती है, तो करदाता को अपने बैंक से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
20. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) के “भुगतान असफल रहा” स्थिति का क्या अर्थ है?
यदि नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या भुगतान गेटवे के माध्यम से शुरू किया जाता है, लेकिन ई-फ़ाइलिंग पोर्टल को भुगतान करने वाले के बैंक से असफल भुगतान की स्थिति मिलती है, तो "भुगतान असफल रहा" की स्थिति दिखाई देती है।
अगर सी.आर.एन. की स्थिति “भुगतान असफल रहा” दिखा रहा है और करदाता के खाते से पैसे कट गए हैं, तो करदाता को सलाह दी जाती है कि अपने बैंक से संपर्क करें।
21. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की “बैंक निकासी की प्रतीक्षा है” स्थिति का क्या अर्थ है?
अगर 'बैंक काउंटर पर भुगतान' मोड से भुगतान शुरू किया जाता है और करदाता बैंक काउंटर पर भुगतान साधन जमा करता है, तो स्थिति “बैंक निकासी की प्रतीक्षा है” दिखाई देती है। जब बैंक भुगतान साधन के सफल भुगतान की पुष्टि कर देता है, तो स्थिति बदलकर “भुगतान किया गया” हो जाएगी।
22. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की “दिन-माह-वर्ष को भुगतान तय किया गया” स्थिति का क्या अर्थ है?
यह स्थिति नेट बैंकिंग मोड में पूर्व-प्राधिकृत डेबिट लेन-देन के लिए दिखाई जाती है, जिसमें करदाता की चुनी गई भुगतान की तय तिथि दिखाई देती है। भुगतान मिलने के आधार पर, तय तिथि को यह स्थिति अपडेट कर दी जाएगी।
23. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) के “बैंक से गलत जानकारी” स्थिति का क्या अर्थ है?
यह स्थिति भुगतान के किसी भी तरीके के लिए तब दिखती है, जब बैंक की ओर से ई-फ़ाइलिंग को दिया गया सी.आई.एन. विवरण (भुगतान की पुष्टि का विवरण) ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर मौजूद विवरण से मेल नहीं खाता है। मिलान करके देखने के बाद, ई-फ़ाइलिंग पोर्टल को सही विवरण मिलने पर यह स्थिति अपडेट हो जाएगी।
24. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की “चेक / डी.डी. अस्वीकार किया गया” स्थिति का क्या अर्थ है?
यह स्थिति तब दिखती है, जब करदाता का 'बैंक काउंटर पर भुगतान' मोड से भुगतान करने के लिए दिया गया डिमांड ड्राफ़्ट/चेक अस्वीकार कर दिया जाता है।
25. “जनरेट किए गए चालान” टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की “समयसीमा समाप्त” स्थिति का क्या अर्थ है?
चालान (सी.आर.एन.) जनरेट होने के बाद, यह जनरेट होने की तिथि से 15 दिनों तक मान्य रहता है। इस मान्यता अवधि के समाप्त होने के बाद, उपयोग न किए गए सी.आर.एन. की स्थिति 'समयसीमा समाप्त' हो जाती है। करदाता इस मान्यता अवधि के दौरान सी.आर.एन. के लिए भुगतान कर सकता है।
यदि कोई करदाता 'बैंक काउंटर पर भुगतान' मोड का उपयोग करते हुए सी.आर.एन. की समय-सीमा समाप्त होने से पहले प्राधिकृत बैंक में भुगतान साधन जमा करता है, तो चालान की मान्यता अवधि 90 दिन और बढ़ा दी जाएगी।
26. "जनरेट किए गए चालान" टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की "लेन-देन रद्द किया गया" स्थिति का क्या अर्थ है?
यदि करदाता नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या भुगतान गेटवे के माध्यम से शुरू किए गए लेन-देन को बीच में ही रोक देता है, तो यह स्थिति दिखाई देती है।
27. "जनरेट किए गए चालान" टैब में दिखाए जाने वाले चालान (सी.आर.एन.) की "बैंक की पुष्टि की प्रतीक्षा है" स्थिति का क्या अर्थ है?
यह स्थिति तब दिखती है, जब नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या भुगतान गेटवे के माध्यम से किए गए भुगतान के लिए भुगतान करने वाले के बैंक से पुष्टि की प्रतीक्षा हो रही हो।
28. चालान (सी.आर.एन.) के “भुगतान किया गया” स्थिति का क्या अर्थ है?
यह स्थिति तब दिखाई देती है, जब करदाता भुगतान सफलतापूर्वक पूरा कर लेता है और बैंक से पुष्टि मिल जाती है।.
29. ई-फ़ाइलिंग पोर्टल के माध्यम से कर का भुगतान करने के लिए नेट बैंकिंग का तरीका क्या है?
इस तरीके से, अधिकृत बैंकों की नेट बैंकिंग सुविधा के माध्यम से भुगतान किया जा सकता है। यदि करदाता का किसी प्राधिकृत बैंक में बैंक खाता है, तो वह इस तरीके का उपयोग कर भुगतान के लिए कर सकते हैं। इस तरीके से कर भुगतान करने पर कोई लेन-देन शुल्क/फ़ीस नहीं लगती है।
30. क्या करदाता नेट बैंकिंग के माध्यम से बाद की तिथि के लिए भुगतान का समय तय कर सकता है?
अगर बैंक यह सुविधा देता है, तो करदाता नेट बैंकिंग के माध्यम से अपने बैंक अकाउंट से कर भुगतान का समय तय कर सकता है। हालाँकि, भुगतान की तय की गई तिथि चालान (सी.आर.एन.) में बताई गई “मान्यता की अंतिम तिथि” या उससे पहले की होनी चाहिए। यदि करदाता नेट बैंकिंग के माध्यम से बाद की किसी तिथि के लिए भुगतान का समय तय करता है, तो उसे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कर भुगतान वाली तिथि पर चुने गए बैंक खाते में पर्याप्त बैलेंस हो।
31. यदि करदाता को इस मोड में अपना बैंक न दिखाई दे, तो क्या करें??
इस मोड में, भुगतान केवल प्राधिकृक बैंकों की नेट बैंकिंग सुविधा के माध्यम से ही किया जा सकता है। जिन करदाताओं का खाता किसी दूसरे बैंक में है, वे एन.ई.एफ़.टी./आर.टी.जी.एस. मोड या भुगतान गेटवे मोड में नेट बैंकिंग का विकल्प चुन सकते हैं। एन.ई.एफ़.टी./आर.टी.जी.एस. या भुगतान गेटवे मोड में बैंक शुल्क लग सकते हैं।
32.भुगतान की प्रक्रिया के दौरान, करदाता के खाते से पैसे कट जाते हैं, लेकिन सी.आर.एन. की स्थिति "भुगतान किया गया" में नहीं बदलती है। ऐसे में करदाता को क्या करना चाहिए?
करदाता 30 मिनट बाद सी.आर.एन. की स्थिति दोबारा देख कर सकते हैं, क्योंकि बैंक से ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे अपडेट किया जा सकता है।
यदि इतने समय में ऐसी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो करदाता को एक दिन प्रतीक्षा करने की सलाह दी जाती है। यदि फिर भी सी.आर.एन. की स्थिति अपडेट नहीं होती है, तो करदाता को बैंक से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
33. डेबिट कार्ड मोड क्या है?
इस मोड में, भुगतान उन चुनिंदा प्राधिकृत बैंकों के डेबिट कार्ड से किया जा सकता है जो अपने डेबिट कार्ड के माध्यम से संग्रहण की सुविधा देते हैं। इस मोड से कर भुगतान करने पर कोई लेन-देन शुल्क या फ़ीस नहीं लगती है। दूसरे बैंकों के डेबिट कार्ड के लिए, कृपया “भुगतान गेटवे” मोड का उपयोग करें। हालाँकि, भुगतान गेटवे मोड में भुगतान गेटवे का अतिरिक्त शुल्क लग सकता है।
34. क्या इस तरीके से भुगतान करने के लिए सभी चुनिंदा प्राधिकृत बैंकों के डेबिट कार्ड का उपयोग किया जा सकता है?
इस मोड में, भुगतान उन चुनिंदा प्राधिकृत बैंकों के डेबिट कार्ड से किया जा सकता है जो अपने डेबिट कार्ड माध्यम से संग्रहण की सुविधा दे रहे हैं। दूसरे बैंकों के डेबिट कार्ड के लिए, कृपया “भुगतान गेटवे” मोड का उपयोग करें।
35. क्या कर भुगतान ऑफ़लाइन मोड में किया जा सकता है?
हाँ, कर का भुगतान बैंक में भुगतान (काउंटर पर) और आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. के माध्यम से किया जा सकता है। हालाँकि, चालान (सी.आर.एन.) केवल ई-फ़ाइलिंग पोर्टल की 'ई-भुगतान' सुविधा से ही जनरेट किया जाना चाहिए। ऑफ़लाइन मोड में कर भुगतान के लिए हाथ से भरे गए चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) मान्य नहीं हैं।
ध्यान दें कि कर भुगतान के बैंक में भुगतान वाले तरीके का उपयोग कोई ऐसी कंपनी या व्यक्ति (कंपनी के अलावा) नहीं कर सकता, जिस पर नियम 333 के अनुसार आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 63 के प्रावधान लागू होते हैं (यानी कि वे करदाता जिनके लिए अपने खाते का लेखा-परीक्षण कराना आवश्यक है)।
36. क्या कोई करदाता किसी भी बैंक की किसी भी शाखा में काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान कर सकता है?
काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान वाले मोड में, करदाता सी.आर.एन. जनरेट करते समय चुने गए प्राधिकृत बैंक की किसी भी शाखा में ऑफ़लाइन मोड (चेक/डिमांड ड्राफ़्ट/नकद) से कर भुगतान कर सकते हैं। इस मोड से कर भुगतान करने पर कोई लेन-देन शुल्क या फ़ीस नहीं लगती है।
प्राधिकृत बैंकों के अलावा अन्य बैंकों के मामले में, करदाता के पास आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड से भुगतान करने का विकल्प होता है।
37. क्या कोई करदाता चेक या डिमांड ड्राफ़्ट के माध्यम से प्रत्यक्ष कर का भुगतान कर सकता है? क्या भुगतान के इन तरीकों से चुकाई जाने वाली राशि पर कोई सीमा है?
हाँ, करदाता बैंक में भुगतान वाले मोड का उपयोग करके चेक या डिमांड ड्राफ़्ट से भुगतान कर सकते हैं। आयकर विभाग डिमांड ड्राफ़्ट या चेक से किए जाने वाले कर भुगतान की राशि पर कोई सीमा नहीं लगाता है। हालाँकि, संबंधित प्राधिकृत बैंक की आंतरिक नीति के आधार पर इन तरीकों से कर भुगतान करने की कोई सीमा हो सकती है।
38. क्या करदाता नकद भुगतान कर सकता है? क्या नकद लेन-देन की कोई तय सीमा है?
हाँ, करदाता काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान के माध्यम से नकद में भुगतान कर सकते हैं। हालाँकि, नकद से कर भुगतान की सीमा हर चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) के लिए अधिकतम ₹10,000 है।
39. काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान के माध्यम कर भुगतान करने की प्रक्रिया क्या है ?
काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान वाले मोड से कर भुगतान करने के लिए, चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) बनाते समय करदाता को प्राधिकृत बैंकों की सूची में से वह बैंक चुनना होगा जिसके माध्यम भुगतान किया जाना है। चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) बनने के बाद, करदाता को चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) की एक प्रिंट की गई और हस्ताक्षर वाली प्रतिलिपि और भुगतान साधन (चेक/डिमांड ड्राफ़्ट/कैश) लेकर चुने हुए प्राधिकृत बैंक की शाखा में जाना होगा।
40. बैंक में काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान वाले मोड के तहत बनाए गए चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) की मान्यता अवधि क्या है?
चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) जनरेट होने की तिथि से 15 दिनों तक मान्य रहता है, यानी कि यदि सी.आर.एन. 1 अप्रैल को बनता है, तो यह 16 अप्रैल तक मान्य रहेगा। करदाता को इ-स समय-सीमा में चुनिंदा प्राधिकृत बैंक की शाखा में भुगतान साधन जमा करना होगा। अगर करदाता चालान फ़ॉर्म (सी.आर.एन.) पर बताई गई मान्यता अवधि के दौरान प्राधिकृत बैंक में भुगतान साधन के रूप में चेक या डिमांड ड्राफ़्ट जमा करता है, तो चालान की मान्यता अवधि 90 दिनों के लिए बढ़ जाएगी।
41.अगर भुगतान चेक/डिमांड ड्राफ़्ट के माधय्म से काउंटर पर (ओ.टी.सी.) भुगतान वाले मोड से किया जाता है, तो किस तिथि को कर भुगतान की तिथि माना जाएगा?
अगर बैंक में भुगतान वाले मोड से चेक या डिमांड ड्राफ़्ट के माध्यम से कर भुगतान किया जाता है, तो बैंक शाखा में उस साधन को जमा करने की तिथि को ही कर भुगतान की तिथि माना जाएगा।
42. करदाता आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड से कर भुगतान करने के लिए किन बैंकों का उपयोग कर सकते हैं?
इस मोड में, कर भुगतान किसी भी ऐसे बैंक के माध्यम से किया जा सकता है जो कर भुगतान के लिए आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. सेवा देता हो।
43. क्या आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. के माध्यम से कर भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क/फ़ीस लगती है?
यदि बैंक शुल्क लागू होते हैं, तो वे संबंधित मूल बैंक (वह बैंक जिसके माध्यम से लाभार्थी के खाते में कर जमा किया जाएगा) की शर्तों और नियमों के अधीन होंगे। बैंक शुल्क जनादेश फ़ॉर्म में बताई गई कर राशि के अतिरिक्त होंगे और इन शुल्क से आयकर विभाग को किसी भी तरह का लाभ नहीं होगा।
44. क्या मैं आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड के माध्यम से नकद भुगतान कर सकता/सकती हूँ?
नहीं, करदाता इस तरीके से भुगतान करने के लिए नकद का उपयोग नहीं कर सकते हैं।
45. आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड से कर भुगतान करने की प्रक्रिया क्या है?
इस मोड में, एक जनादेश फ़ॉर्म बनता है जिसमें उस लाभार्थी खाते की जानकारी होती है जिसमें कर भुगतान किया जाना है। करदाता को प्रिंट किया हुआ और हस्ताक्षर वाला जनादेश फ़ॉर्म लेना होगा और उसे भुगतान साधन (चेक/डी.डी.) के साथ बैंक में जमा करना होगा।
करदाता इस तरीके से कर भुगतान करने के लिए अपने बैंक की नेट बैंकिंग सुविधा का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें जनादेश फ़ॉर्म में दी गई जानकारी का उपयोग करके लाभार्थी को जोड़ना होगा और फिर उस खाते में पैसे जमा करके कर भुगतान करना होगा।
46. क्या नेट बैंकिंग सुविधा का उपयोग करके कर भुगतान के लिए आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. किया जा सकता है?
इस तरीके से भुगतान करने के लिए करदाता अपने बैंक खाते की नेट बैंकिंग का उपयोग भी कर सकते हैं (यदि उनके बैंक में यह सुविधा उपलब्ध हो)। इसके लिए उन्हें जनादेश फ़ॉर्म में दी गई जानकारी का उपयोग करके लाभार्थी को जोड़ना होगा और फिर उस खाते में पैसे जमा करके कर भुगतान करना होगा।
47. जनादेश फ़ॉर्म क्या है? इसकी आवश्यकता कब होती है?
जब कोई करदाता कर भुगतान के लिए आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड चुनता है, तो जनादेश फ़ॉर्म जनरेट होता है। इसमें उस लाभार्थी खाते की जानकारी होगी जिसमें कर भुगतान किया जाना है।
48. आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. मोड से भुगतान करने के लिए करदाता द्वारा जनरेट किए गए जनादेश फ़ॉर्म की मान्यता अवधि क्या होती है?
जनादेश फ़ॉर्म जनरेट किए जाने की तिथि से 15 दिनों तक मान्य रहता है। आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. भुगतान जनादेश फ़ॉर्म पर लिखी "मान्यता की अंतिम तिथि" या उससे पहले प्राप्तकर्ता बैंक (भारती रिज़र्व बैंक) तक पहुँच जाना चाहिए। यदि कोई देरी होती है, तो आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. लेन-देन मूल खाते में वापस भेज दिया जाएगा। यह सुनिश्चित करना मूल बैंक का दायित्व होगा कि आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. भुगतान "मान्यता की अंतिम तिथि" से पहले लाभार्थी खाते तक पहुँच जाए; किसी भी देरी के लिए न तो आयकर विभाग और न ही भारतीय रिज़र्व बैंक जिम्मेदार होगा।
49. क्या कर भुगतान करने के लिए मूल बैंक/करदाता को जनादेश फ़ॉर्म में दी गई जानकारी मैन्युअल रूप से दर्ज करनी होगी?
हाँ, आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. लेन-देन करते समय जनादेश फ़ॉर्म में बताई गई सही जानकारी दर्ज करना मूल बैंक/करदाता (ऑनलाइन भुगतान के मामले में) की जिम्मेदारी होगी। यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो आर.टी.जी.एस./एन.ई.एफ़.टी. लेन-देन अस्वीकार हो सकता है और ऐसी गड़बड़ी से होने वाले किसी भी परिणाम के लिए न तो आयकर विभाग और न ही भारतीय रिज़र्व बैंक जिम्मेदार होगा।
50.करदाता भुगतान गेटवे के माध्यम से किन तरीकों से कर भुगतान कर सकते हैं?
भुगतान का एक और तरीका भुगतान गेटवे है, जो करदाता को ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा से जुड़े भुगतान गेटवे के माध्यम से, चुनिंदा बैंकों के इन तरीकों का उपयोग करके कर भुगतान करने की सुविधा देता है:
- नेट बैंकिंग
- डेबिट कार्ड
- क्रेडिट कार्ड
- यू.पी.आई.
ध्यान दें: प्राधिकृत बैंक के माध्यम से सीधे डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग का उपयोग करके भी कर भुगतान किया जा सकता है।
51. भुगतान गेटवे के माध्यम से कर भुगतान करने का शुल्क क्या है? क्या कर की राशि में भुगतान गेटवे का शुल्क भी शामिल होगा?
भुगतान गेटवे के माध्यम से कर भुगतान करने पर लगने वाला शुल्क या सेवा शुल्क, बैंक के नियमों और शर्तों के साथ-साथ इस बारे में आर.बी.आई. के दिशानिर्देशों के अनुसार होंगे। ध्यान दें कि ई-फ़ाइलिंग पोर्टल या आयकर विभाग ऐसा कोई शुल्क नहीं लेते हैं। ऐसा शुल्क या फ़ीस बैंक या भुगतान गेटवे को जाएगा और यह कर की राशि के अतिरिक्त होगी। हालाँकि, सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार, रूपे डेबिट कार्ड, यूनिफ़ाइड पेमेंट्स इंटरफ़ेस (यू,पी.आई.) (भीम-यू.पी.आई.) और यूनिफ़ाइड पेमेंट्स इंटरफ़ेस क्विक रिस्पॉन्स कोड (यू.पी.आई. क्यू.आर. कोड) (भीम-यू.पी.आई. क्यू.आर. कोड) से किए गए भुगतान पर ऐसा कोई शुल्क या व्यापारी छूट दर (एम.डी.आर.) शुल्क नहीं लगेगा।
इसके अतिरिक्त, पोर्टल के ‘भुगतान गेटवे’ भुगतान मोड में उन सभी बैंकों के लेन-देन शुल्क की जानकारी दी गई है जो भुगतान गेटवे सेवाएँ देते हैं।
52. भुगतान गेटवे के माध्यम से किए गए कर ऐसे भुगतान के लिए प्रश्न कैसे पूछें जिसकी पुष्टि नहीं मिली है? किस प्राधिकरण से संपर्क करना होगा?
यदि करदाता के खाते से पैसे कट जाते हैं या क्रेडिट कार्ड से भुगतान हो जाता है, लेकिन सी.आर.एन. की स्थिति "भुगतान किया गया" में अपडेट नहीं होती है, तो करदाता 30 मिनट बाद सी.आर.एन. की स्थिति फिर से देख सकता है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि भुगतान गेटवे से ई-फ़ाइलिंग पोर्टल को प्रतिक्रिया मिलने के बाद स्थिति अपडेट हो सकती है। यदि बताए गए समय में ऐसी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो करदाता को एक दिन प्रतीक्षा करने की सलाह दी जाती है। यदि इसके बाद भी सी.आर.एन. की स्थिति अपडेट नहीं होती है, तो करदाता को संबंधित बैंक से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
53. क्या ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा में ऑनलाइन कर भुगतान स्वीकार करने के लिए कोई तय समय-सीमा होती है?
ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की सुविधा 24/7 उपलब्ध है। हालाँकि, आपको सलाह दी जाती है कि अधिक जानकारी के लिए बैंक की वेबसाइट पर जाएँ।
54. मैं किसी पिछले साल की बकाया कर माँग का भुगतान कैसे कर सकता/सकती हूँ?
आयकर पोर्टल पर लॉग इन करने के बाद, ई-भुगतान कर सेवा में मौजूद ‘नियमित निर्धारण कर के रूप में भुगतान की माँग करें’ भुगतान शीर्षक में पैन और ए.वाई. के संयोजन के लिए सभी बकाया कर माँग अपने-आप दिखाई देंगी। उपलब्ध अलग-अलग तरीकों से कर जमा करने के लिए संबंधित माँग को चुना जा सकता है।
इसके अतिरिक्त, करदाता लॉगिन से पहले (ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर लॉगिन करने से पहले) या लॉगिन के बाद (ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद) सुविधा के माध्यम से बिना माँग संदर्भ संख्या के भी 'नियमित निर्धारण कर के रूप में भुगतान की माँग करें (400)' कर सकते हैं।
55. क्या मैं ई-भुगतान कर प्रक्रिया के माध्यम से भुगतान करने के बजाय, ऑनलाइन आई.टी.आर. फ़ाइल करते समय सीधे बकाया कर का भुगतान कर सकता/सकती हूँ?
हाँ, आई.टी.आर. फ़ाइल करते समय आप बकाया कर का भुगतान सीधे कर सकते हैं। जब आप ऑनलाइन आई.टी.आर. फ़ाइल करने की प्रक्रिया से ई-भुगतान कर सेवा पर जाते हैं, तो वहाँ जानकारी अपने-आप भर जाती है। चालान का भुगतान करने के बाद, आई.टी.आर. जमा करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि चालान का दावा करने के लिए संबंधित अनुसूची में भुगतान की जानकारी अवश्य भर दी गई हो।
56. सफलतापूर्वक भुगतान किए गए चालान भुगतान के इतिहास वाले टैब में कितने समय तक दिखाई देंगे?
इसके लिए कोई समय-सीमा नहीं है। हालाँकि, आपको सलाह दी जाती है कि आप अपने रिकॉर्ड के लिए चालान तुरंत डाउनलोड कर लें।
57. अगर डेबिट कार्ड से भुगतान करने के तरीके में बैंक का नाम दिखाई न दे, तो क्या करें?
इस मामले में, करदाता उपलब्धता के अनुसार किसी दूसरे प्राधिकृत बैंक के डेबिट कार्ड का उपयोग करके भुगतान करने के लिए उपलब्ध भुगतान गेटवे मोड चुन सकते हैं।
58. किन स्थितियों में ऑनलाइन कर भुगतान करना अनिवार्य है?
आयकर नियम 2026 के नियम 333 के अनुसार, करदाताओं की इन श्रेणियों के लिए ऑनलाइन कर भुगतान करना अनिवार्य है:-
1. हर कंपनी
2. कोई व्यक्ति (कंपनी के अलावा) जो आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 63 के प्रावधानों के दायरे में आता है
59. यदि ऑफ़लाइन भुगतान के लिए मेरी प्रतिपर्ची खो गई है, तो मैं किससे संपर्क करूँ?
अगर भुगतान सफल हो जाता है, तो आयकर पोर्टल पर लॉगिन करने बाद ई-भुगतान कर सेवा के 'भुगतान का इतिहास' टैब में चालान रसीद हमेशा डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहती है।
60. क्या लघु शीर्ष 500 के तहत भुगतान करने पर करदाता को प्रतिदाय मिल सकता है?
मौजूदा कानूनी ढांचे के अनुसार, लघु शीर्ष 500 के तहत किए गए भुगतान की वापसी का कोई प्रावधान नहीं है।
61. यदि मैंने टी.डी.एस./टी.सी.एस. का भुगतान कर दिया है, लेकिन भुगतान के बाद चालान डाउनलोड करना भूल गया/गई हूँ, तो मुझे चालान कैसे मिल सकता है?
आप आयकर पोर्टल पर अपने टैन खाते में लॉगिन करके टी.डी.एस./टी.सी.एस. भुगतान के लिए चालान रसीद प्राप्त कर सकते हैं।
62. यदि मुझे ई-भुगतान कर सेवा का उपयोग करके कर चुकाने में कोई समस्या आती है, तो मुझे क्या करना चाहिए?
यदि आपको ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-भुगतान कर सेवा में कोई समस्या आती है, तो epay.helpdesk@incometax.gov.in या efilingwebmanager@incometax.gov.in पर ईमेल करें या नीचे दिए गए नंबरों में से किसी एक पर ई-फ़ाइलिंग केंद्र को कॉल करें:
1. 1800 103 0025
2. 1800 419 0025
3. +91-80-46122000
4. +91-80-61464700
अस्वीकरण: अक्सर पूछे जाने वाले ये प्रश्न केवल जानकारी के लिए हैं। इस दस्तावेज की कोई भी जानकारी कानूनी परामर्श नहीं है।