फ़ॉर्म 34 BC
फ़ॉर्म 34 BC - अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
1.'विवाद समाधान समिति' क्या है?
विवाद समाधान समिति (जिसे आगे 'डी.आर.सी.' कहा जाएगा) एक समिति है जिसे केंद्रीय सरकार ने आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 245MA तथा आयकर नियम, 1962 के नियम 44DAA के प्रावधानों के अनुसार बनाया है। डी.आर.सी., उन मामलों के लिए जो सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष लंबित हैं या फ़ाइल किए जाने वाले हैं, नियमित अपील प्रक्रिया का एक वैकल्पिक उपाय है।
2. डी.आर.सी. के पास कौन जा सकता है?
आयकर अधिनियम, 1961 में 'निर्दिष्ट व्यक्ति' के रूप में परिभाषित कोई भी करदाता, आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 245MA(5) जिसे आयकर नियम, 1962 के नियम 44DAD के साथ पढ़ा जाए के अनुसार, फ़ॉर्म 34BC भरकर डी.आर.सी. से संपर्क कर सकता है।
3. निर्दिष्ट व्यक्ति' जो विवाद समाधान योजना (इसके बाद 'ई-डी.आर.एस.' के रूप में संदर्भित) का लाभ उठा सकता है।
(I) 'निर्दिष्ट व्यक्ति' का अर्थ एक ऐसा व्यक्ति है जो आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 245MA(5) तथा आयकर नियम, 1962 के नियम 44DAD के अनुसार उल्लिखित शर्तों को पूरा करता है, जो इस प्रकार हैं:
- वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसके संबंध में विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम, 1974 के अंतर्गत निरोध का आदेश पारित किया गया हो।
परंतु यह कि— —
(i) ऐसा निरोध आदेश, जो उस अधिनियम की धारा-9 या धारा-12A के प्रावधानों पर लागू नहीं होता है, को सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर अधिनियम की धारा-8 के अंतर्गत या सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट प्राप्त होने से पहले ही निरस्त कर दिया गया हो; अथवा
(ii) ऐसा निरोध आदेश, जिस पर उक्त अधिनियम की धारा-9 के प्रावधान लागू होते हैं, उसे न तो धारा-9 की उप-धारा (3) के अंतर्गत समीक्षा की अवधि समाप्त होने से पहले निरस्त किया गया हो और न ही अधिनियम की धारा-8 के अंतर्गत सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट या धारा-9 की उप-धारा (2) के साथ पढ़कर उस रिपोर्ट के आधार पर निरस्त किया गया हो; अथवा
(iii) ऐसा निरोध आदेश, जिस पर उक्त अधिनियम की धारा-12A के प्रावधान लागू होते हैं, उसे न तो धारा-12A की उप-धारा (3) के अंतर्गत पहली समीक्षा की अवधि समाप्त होने से पहले निरस्त किया गया हो और न ही अधिनियम की धारा-8 के अंतर्गत सलाहकार बोर्ड की रिपोर्ट या धारा-12A की उप-धारा (6) के साथ पढ़कर उस रिपोर्ट के आधार पर निरस्त किया गया हो; अथवा
(iv) ऐसा निरोध आदेश जिसे सक्षम न्यायालय द्वारा निरस्त नहीं किया गया हो;
- वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसके विरुद्ध अभियोजन प्रारंभ किया गया हो और जिसे निम्नलिखित अधिनियमों के अंतर्गत दंडनीय किसी अपराध में दोषी ठहराया गया हो:
- भारतीय दंड संहिता, (1860 का 45)
- गैरकानूनी गतिविधियाँ (निवारण) अधिनियम, 1967 (1967 का 37)
- मादक द्रव्य और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (1985 का 61)
- बेनामी लेन-देन (निषेध) अधिनियम, 1988 (1988 का 45)
- भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (1988 का 49) अथवा
- धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 (2003 का 15)
- वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसके विरुद्ध आयकर प्राधिकरण द्वारा किसी अपराध के लिए अभियोजन प्रारंभ किया गया हो और जिसे अधिनियम के प्रावधानों या भारतीय दंड संहिता (1860 का 45) के अंतर्गत दंडनीय अपराध में दोषी ठहराया गया हो, अथवा किसी वर्तमान कानून के अंतर्गत किसी नागरिक देयता के प्रवर्तन के उद्देश्य से अभियोजन प्रारंभ किया गया हो; या ऐसा व्यक्ति जिसे आयकर प्राधिकरण द्वारा प्रारंभ किए गए अभियोजन के परिणामस्वरूप किसी ऐसे अपराध में दोषी ठहराया गया हो।
- वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसे आयकर प्राधिकरण द्वारा प्रारंभ किए गए अभियोजन के परिणामस्वरूप किसी अपराध में दोषी ठहराया गया हो।
- वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसे विशेष न्यायालय (प्रतिभूतियों में लेनदेन से संबंधित अपराधों का परीक्षण) अधिनियम, 1992 (1992 का 27) की धारा 3 के तहत अधिसूचित नहीं किया गया हो;
- वह ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसके विरुद्ध 'काला धन (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) तथा कर अधिरोपण अधिनियम, 2015' के अंतर्गत उस निर्धारण वर्ष के लिए कार्यवाही प्रारंभ की गई हो, जिसके लिए विवाद का समाधान नियम 44DAD, आयकर नियमावली, 1962 के अनुसार माँगा गया है।
(II) ऐसी अन्य शर्तें, जैसा कि निर्धारित की जाएं।
4. निर्दिष्ट आदेशों के विरुद्ध डी.आर.सी. के समक्ष आवेदन फ़ाइल करने के लिए क्या शर्तें हैं?
करदाता, निर्दिष्ट आदेशों के विरुद्ध फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करके डी.आर.सी. से संपर्क केवल तभी कर सकते हैं, जब निम्नलिखित शर्तें पूरी होती हों:
- ऐसे आदेश में प्रस्तावित या किए गए कुल परिवर्तन/जोड़ ₹10 लाख से अधिक नहीं होने चाहिए।
- ऐसे आदेश से संबंधित निर्धारण वर्ष के लिए निर्धारिती द्वारा विवरणी प्रस्तुत की गई हो तथा ऐसी विवरणी के अनुसार कुल आय ₹50 लाख से अधिक न हो; और
- आदेश, धारा 132 के अंतर्गत की गई खोज, धारा 132A के अंतर्गत की गई मांग, या धारा 133A के अंतर्गत किए गए सर्वेक्षण पर आधारित नहीं होना चाहिए, या
- आदेश, धारा 90 या धारा 90A में उल्लिखित किसी समझौते के अंतर्गत प्राप्त जानकारी पर आधारित नहीं होना चाहिए।
- जहाँ ₹10 लाख की वृद्धि का संबंध स्रोत पर कर कटौती/संग्रह (टी.डी.एस./टी.सी.एस.) में चूक से हो, वहाँ वह राशि वही मानी जाएगी जिस पर उस व्यक्ति द्वारा टी.डी.एस./टी.सी.एस. काटा या संग्रहित नहीं किया गया हो, जबकि वह ऐसा करने के लिए उत्तरदायी था।
5: नियम 44DAD के अनुसार ‘निर्दिष्ट आदेश’ कौन से हैं जिनके विरुद्ध करदाता डी.आर.सी. के समक्ष आवेदन कर सकते हैं?
डी.आर.सी. में निम्नलिखित आदेशों ('निर्दिष्ट आदेशों') के संबंध में एक आवेदन फ़ाइल किया जा सकता है।
- निर्धारण आदेशों से संबंधित
करदाता निम्नलिखित निर्धारण संबंधी आदेशों के विरुद्ध डी.आर.सी. के समक्ष अपील कर सकता है।
- धारा 144C(1) में उल्लिखित मसौदा निर्धारण आदेश।
- धारा 143(1) के अंतर्गत जारी सूचना, जहाँ करदाता उक्त आदेश में किए गए समायोजनों पर आपत्ति करता है;
- निर्धारण या पुनः निर्धारण का आदेश, विवाद समाधान पैनल के निर्देशों के अनुसार पास किए गए आदेश को छोड़कर; या
- धारा 154 के अंतर्गत पारित आदेश, जिसका प्रभाव निर्धारण में वृद्धि करना या हानि को घटाने का होता है।
- टी.डी.एस./टी.सी.एस. मामलों से संबंधित
करदाता टी.डी.एस./टी.सी.एस. से संबंधित निम्नलिखित आदेशों के विरुद्ध विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) के समक्ष अपील कर सकता है:
1. धारा 200A(1) के अंतर्गत जारी सूचना, जहाँ कर कटौतीकर्ता उक्त आदेश में किए गए समायोजनों पर आपत्ति करता है;
2. धारा 206CB(1) के अंतर्गत जारी सूचना, जहाँ कर संग्राहक (कलेक्टर) उक्त आदेश में किए गए समायोजनों पर आपत्ति करता है
3. धारा 201 के अंतर्गत पारित आदेश या धारा 206C(6A) के अंतर्गत पारित आदेश।
6: करदाता को डी.आर.सी. से संपर्क क्यों जाना चाहिए?
करदाता, सी.बी.डी.टी. की अधिसूचना संख्या S.O. 1642(E), दिनांक 05.04.2022 द्वारा अधिसूचित योजना के अनुसार, करों के भुगतान के पश्चात अभियोजन से प्रतिरक्षा प्राप्त करने, दंड में छूट/कमी पाने तथा अपील के समयबद्ध निपटान के लिए डी.आर.सी. से संपर्क कर सकते हैं।
7: डी.आर.सी. की शक्तियाँ क्या हैं?
डी.आर.सी. की शक्तियाँ ई-डी.आर.एस.,2022 के पैरा 5(1) में दी गई हैं, जो इस प्रकार हैं:
(1) विवाद समाधान समिति को यह अधिकार होगा कि वह नियम 44DAC में दी गई शर्तों की पूर्ति होने पर दंड माफ कर सके या अधिनियम की अभियोजन संबंधी प्रावधानों से प्रतिरक्षा प्रदान कर सके।
(2) विवाद समाधान समिति के समक्ष कोई भी कार्यवाही भारतीय दंड संहिता, 1860 (1860 का 45) की धारा 193, धारा 228 तथा धारा 196 के प्रयोजनों के लिए न्यायिक कार्यवाही मानी जाएगी और प्रत्येक आयकर प्राधिकारी को दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 (1974 का 2) की धारा 195 के प्रयोजनों के लिए सिविल न्यायालय माना जाएगा, परंतु अध्याय XXVI के प्रयोजनों के लिए नहीं।
(3) यदि विवाद समाधान समिति के किसी आदेश को प्रभावी बनाने में कोई कठिनाई उत्पन्न होती है, तो समिति स्वयं संज्ञान लेकर या करदाता द्वारा आवेदन के माध्यम से किए गए अनुरोध पर, अथवा निर्धारण अधिकारी द्वारा प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त या आयकर आयुक्त (जैसा मामला हो) के माध्यम से किए गए अनुरोध पर, उस कठिनाई को दूर कर सकती है, यदि ऐसा करना अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत न हो।
8. क्या डी.आर.सी. कार्यवाही को समाप्त कर सकती है?
डी.आर.सी कार्यवाही के दौरान किसी भी चरण में यह निर्णय ले सकती है कि कार्यवाही को समाप्त किया जाए, यदि:
(i) यदि करदाता कार्यवाही के दौरान सहयोग करने में असफल रहता है।
(ii) यदि करदाता किसी सूचना का उत्तर देने या उसके प्रत्युत्तर में कोई जानकारी प्रस्तुत करने में असफल रहता है।
(iii) समिति इस बात से संतुष्ट हो कि करदाता/करदाता ने कार्यवाही से संबंधित किसी महत्वपूर्ण तथ्य को छिपाया है या झूठा साक्ष्य प्रस्तुत किया है।
(iv) यदि करदाता योजना के पैराग्राफ 4 के उप-पैरा (1) के खंड xviii के अनुसार देय मांग का भुगतान करने में असफल रहता है।
9. डी.आर.सी. के समक्ष आवेदन कैसे फ़ाइल करें?
निर्दिष्ट आदेश में किसी परिवर्तन से उत्पन्न विवाद के संबंध में डी.आर.सी. के समक्ष आवेदन फ़ॉर्म संख्या 34BC में इलेक्ट्रॉनिक रूप से किया जाएगा। ऐसे आवेदन के साथ आयकर नियम, 1962 के नियम 44DAB के अनुसार ₹1,000 का शुल्क संलग्न किया जाएगा। फ़ॉर्म संख्या 34BC भरने के चरण निम्नानुसार हैं
चरण 1: अपने उपयोगकर्ता आई.डी. और पासवर्ड का उपयोग करके ई-फ़ाइलिंग पोर्टल में लॉगिन करें।
चरण 2: अपने डैशबोर्ड पर, ई-फ़ाइल > आयकर फ़ॉर्म > आयकर फ़ॉर्म फ़ाइल करें पर क्लिक करें।
चरण 3: आयकर फ़ॉर्म फ़ाइल करें पेज पर, 'आयकर अधिनियम 1961 के अनुसार फ़ॉर्म्स' टैब के अंतर्गत फ़ॉर्म 34BC चुनें। वैकल्पिक रूप से, फ़ॉर्म खोजने के लिए खोज बॉक्स में फ़ॉर्म 34BC दर्ज करें।
चरण 4: फ़ॉर्म 34BC पेज पर, निर्धारण वर्ष (ए.वाई.) चुनें और जारी रखें पर क्लिक करें।
चरण 5: फ़ॉर्म संख्या 34BC भरें (जहाँ आवश्यक हो वहाँ संलग्नक प्रदान करें) और ई-फ़ाईलिंग पोर्टल पर उपलब्ध स्व-घोषणा भरें तथा आवश्यक शुल्क का भुगतान करें।
चरण 6:पूर्वावलोकन स्क्रीन पर विवरण की समीक्षा करें और फ़ॉर्म को ई-सत्यापित करने की दिशा में आगे बढ़ें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी विवरण सही तरीके से भरे गए हैं।
चरण 7: करदाता फ़ॉर्म संख्या 34BC को आधार ओ.टी.पी., ई.वी.सी. या डी.एस.सी. का उपयोग करके ई-सत्यापित करेगा।
चरण 8: फ़ॉर्म संख्या 34BC को संलग्नकों और स्व-घोषणा सहित सफलतापूर्वक फ़ाइल करने के बाद, क्षेत्राधिकार प्राधिकारी ई-प्रक्रियाओं के माध्यम से करदाता से संबंधित दस्तावेज़ों की मांग करेगा।
10. फ़ॉर्म 34BC कौन फ़ाइल कर सकता है?
कोई भी करदाता जो निर्दिष्ट शर्तों को पूरा करता है (कृपया ऊपर प्रश्न संख्या 4 देखें), वह किसी भी निर्दिष्ट आदेश (कृपया प्रश्न संख्या 5 देखें) के संबंध में विवाद समाधान समिति के समक्ष आवेदन फ़ाइल कर सकता है।
11. फ़ॉर्म 34BC किन तरीकों से फ़ाइल किया जा सकता है?
फ़ॉर्म 34BC केवल आयकर विभाग के ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ऑनलाइन फ़ाइल किया जा सकता है।
12. फ़ॉर्म 34BC को ई-सत्यापित कैसे किया जा सकता है?
करदाता फ़ॉर्म 34BC को आधार ओ.टी.पी., ई.वी.सी. या डी.एस.सी. का उपयोग करके ई-सत्यापित कर सकता है। अधिक जानकारी के लिए आप "ई-सत्यापन कैसे करें" उपयोगकर्ता पुस्तिका देख सकते हैं।
13. डी.आर.सी. के समक्ष फ़ॉर्म फ़ाइल करने के लिए आवेदन फीस क्या है?
करदाता को फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करने के लिए ₹1,000/- आवेदन फीस का भुगतान ई-भुगतान कर सुविधा के माध्यम से करना
14. ई-भुगतान कर सुविधा के माध्यम से आवेदन फीस का भुगतान कैसे किया जाए?
आवेदन फीस का भुगतान ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर उपलब्ध ई-भुगतान कर सुविधा के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए निम्नलिखित का उपयोग किया जाएगा:
- पैन उपयोगकर्ता के लिए: ई-फ़ाइल → ई-भुगतान कर → लागू आयकर अधिनियम चुनें → आयकर अधिनियम 1961 → नया भुगतान → 'शुल्क/अन्य भुगतान' शीर्षक → मुख्य शीर्ष - ‘विविध प्राप्तियाँ (0075)’ → लघु शीर्ष - ‘अन्य विविध प्राप्तियाँ (800)’ → भुगतान का उप-प्रकार - "14-धारा 245MA के अंतर्गत आवेदन शुल्क (फ़ॉर्म 34BC)"
- टैन उपयोगकर्ता के लिए: ई-फ़ाइल → ई-भुगतान कर → लागू आयकर अधिनियम चुनें → आयकर अधिनियम 1961 → नया भुगतान → 'विविध प्राप्तियाँ' शीर्षक → मुख्य शीर्ष - ‘विविध प्राप्तियाँ (0075)’ → लघु शीर्ष - ‘अन्य विविध प्राप्तियाँ (800)’ → भुगतान का उप-प्रकार - "14-धारा 245MA के अंतर्गत आवेदन शुल्क (फ़ॉर्म 34BC)"
15. क्या फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करते समय कोई अनिवार्य संलग्नक आवश्यक है?
हाँ, फ़ॉर्म 34BC के साथ ‘करदाता द्वारा आधार बनाए गए दस्तावेज़ी प्रमाण’ और ‘आवेदन के आधार’ को अनिवार्य रूप से संलग्न करना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, करदाता को फ़ॉर्म 34BC के साथ निम्नलिखित दस्तावेज़ संलग्न करने होंगे:
- आदेश की प्रति/ए.ओ. द्वारा सूचना/प्रारूप आदेश
- माँग सूचना,यदि कोई हो
- आवेदन फीस के भुगतान का प्रमाण
- विवरणी में घोषित आय पर भुगतान किए गए कर का प्रमाण।
- आवेदन के आधार
16. यदि फ़ॉर्म 34BC जमा करते समय "अमान्य इनपुट" या "निवेदन विफल" का त्रुटि संदेश प्रदर्शित हो, तो करदाता को क्या करना चाहिए?
फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करने से पहले "मेरी प्रोफाइल" के अंतर्गत "संपर्क विवरण" (या व्यक्तिगत निर्धारिती के अतिरिक्त अन्य के मामले में "मुख्य व्यक्ति विवरण") जैसे प्रोफ़ाइल विवरण अपडेट किए जाने चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी अनिवार्य फ़ील्ड भरे हुए हैं।
17. क्या फ़ॉर्म 34BC के लिए संशोधन सुविधा उपलब्ध है?
नहीं, एक बार फ़ाइल किए गए फ़ॉर्म 34BC में संशोधन नहीं किया जा सकता।
18. फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करने के बाद, फ़ाइल किए गए फ़ॉर्म का विवरण कहाँ देखा/डाउनलोड किया जा सकता है?
फ़ाइल किए गए फ़ॉर्म 34BC का विवरण देखने/डाउनलोड करने के लिए ई-फ़ाइल टैब → आयकर फ़ॉर्म → फ़ाइल किए गए फ़ॉर्म देखें → आयकर अधिनियम 1961 के अनुसार फ़ॉर्म → 34BC पर जाएँ।
19. क्या करदाता को फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करने के बाद कोई संप्रेषण प्राप्त होगा?
हाँ, फ़ॉर्म 34BC सफलतापूर्वक फ़ाइल करने के बाद करदाता को एस.एम.एस. और ई-मेल द्वारा सूचना भेजी जाएगी।
20: यदि करदाता फ़ाइल किए गए फ़ॉर्म 34BC का विवरण देखने में असमर्थ हो या फ़ाइल के संबंध में कोई सूचना प्राप्त न हो, तो उसे क्या करना चाहिए?
ऐसी किसी समस्या के लिए,"शिकायतें" टैब के अंतर्गत शिकायत दर्ज की जा सकती है, साथ ही संबंधित ए.आर.एन. रसीद, पावती संख्या या अन्य कोई प्रासंगिक संलग्नक भी संलग्न करना आवश्यक है।
21. डी.आर.सी. के समक्ष आवेदन करने की समय सीमा क्या है?
ई-डी.आर.एस. के लिए आवेदन आयकर विभाग के ई-फ़ाईलिंग पोर्टल पर नियम 44DAB के अंतर्गत उल्लिखित फ़ॉर्म संख्या 34BC में फ़ाइल किया जाना आवश्यक है।
- जहाँ सी.आई.टी. (अपील्स) के समक्ष अपील अभी फ़ाइल नहीं की गई है, वहाँ निर्दिष्ट आदेश की प्राप्ति की तिथि से एक माह के भीतर आवेदन करना आवश्यक है।
- जहाँ अपील पहले ही फ़ाइल की जा चुकी है और आयकर आयुक्त (अपील) के समक्ष लंबित है, वहाँ ई-डी.आर.एस. के लिए आवेदन 30.09.2024 या उससे पहले फ़ाइल किया जाना आवश्यक है।
- जहाँ निर्दिष्ट आदेश 31.08.2024 या उससे पहले पारित किया गया है और ऐसे आदेश के विरुद्ध सी.आई.टी.(अपील) के समक्ष अपील फ़ाइल करने की समय-सीमा समाप्त नहीं हुई है, वहाँ विवाद निवारण हेतु आवेदन 30.09.2024 या उससे पहले फ़ाइल किया जा सकता है।
22: करदाता को कैसे पता चलेगा कि फ़ॉर्म 34BC के अंतर्गत उसका आवेदन स्वीकार किया गया है या अस्वीकार?
फ़ॉर्म 34BC को नामित विवाद समाधान समिति के समक्ष सफलतापूर्वक फ़ाइल करने के बाद, करदाता को उसके पंजीकृत ई-मेल पते पर, साथ ही फ़ॉर्म 34BC के बिंदु 12 में चुने गए ई-मेल पते पर और ई-फ़ाइलिंग पोर्टल के ई-कार्यवाही अनुभाग में संचार प्राप्त होगा।
करदाता को निम्नलिखित के लिए संप्रेषण प्राप्त होगा:
- यदि आवेदन जमा करने के बाद उसमें कोई कमी पाई जाती है, तो करदाता को कमी दूर करने के लिए एक 'त्रुटि-पत्र' जारी किया जाएगा।
- आवेदन स्वीकार करने वाला पत्र
- एक पत्र, जिसमें करदाता से यह स्पष्टीकरण मांगा गया है कि उसके आवेदन को क्यों न अस्वीकृत कर दिया जाए, और जिसमें प्रस्तावित अस्वीकृति के कारण भी
23. करदाता अपने आवेदन में पाई गई कमी को कैसे दूर करेगा?
करदाता अपनी आवेदन में पाई गई कमी को ई-फ़ाइलिंग पोर्टल पर ई-कार्यवाही अनुभाग के अंतर्गत उत्तर देकर दूर कर सकता है। करदाता आवश्यक दस्तावेज़/जानकारी 'प्रतिक्रिया जमा करें' बटन के माध्यम से डी.आर.सी. को भेज सकता है।
24: यदि करदाता का आवेदन डी.आर.सी. द्वारा अस्वीकार कर दिया जाता है, या करदाता ने डी.आर.सी. में आने से पहले सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष अपील फ़ाइल नहीं की है, तो 'लंबित अपील' का क्या होगा?
- यदि करदाता ने डी.आर.सी. से संपर्क करने से पहले ही सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष अपील फ़ाइल कर दी है, तो डी.आर.सी. द्वारा फ़ॉर्म 34BC में आवेदन स्वीकार किए जाने के बाद, लंबित अपील की कार्यवाही निलंबित/समाप्त हो जाएगी। यदि आवेदन डी.आर.सी. द्वारा खारिज कर दिया जाता है तो करदाता सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष पहले से फ़ाइल अपनी अपील को आगे बढ़ा सकता है;
- यदि करदाता ने निर्दिष्ट आदेशों के विरुद्ध सीधे डी.आर.सी. से संपर्क किया है, तो डी.आर.सी. द्वारा उसकी अपील खारिज किए जाने के बाद, उसे सी.आई.टी. (अपील्स) के समक्ष एक नई अपील फ़ाइल करनी होगी।
25. डी.आर.सी. से यह सूचना प्राप्त होने के बाद कि उसका आवेदन डी.आर.सी. द्वारा स्वीकार कर लिया गया है, करदाता को क्या करना चाहिए?
करदाता को, डी.आर.सी. से आवेदन स्वीकार किए जाने की सूचना प्राप्त होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर, सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष फ़ाइल की गई अपील की वापसी का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा या यह सूचित करना होगा कि उसके मामले में कोई अपील लंबित नहीं है।
26. अधिनियम की धारा 246A के तहत फ़ाइल अपील को वापस लेने का, अथवा विवाद समाधान समिति के समक्ष आवेदन को वापस लेने का क्या प्रमाण है?
सी.आई.टी. (अपील्स) को लिखे गए अनुरोध पत्र की प्रति एक पर्याप्त प्रमाण है।
27. यदि करदाता का आवेदन डी.आर.सी. द्वारा अस्वीकृत कर दिया जाता है, तो क्या होगा?
डी.आर.सी. द्वारा आवेदन की अस्वीकृति के मामले में, करदाता सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष अपील फ़ाइल कर सकता है और प्रवेश पर निर्णय लेने में डी.आर.सी. द्वारा ली गई समय अवधि को ऐसी अपील फ़ाइल करने के लिए उपलब्ध अवधि से बाहर रखा जाएगा। यदि अपील सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष पहले ही दायर की जा चुकी है, तो डी.आर.सी. में आवेदन फ़ाइल करने से पहले, करदाता सी.आई.टी. (अपील) में अपनी लंबित अपील को आगे बढ़ा सकता है।
28. यदि डी.आर.सी. द्वारा आवेदन स्वीकार कर लिया जाता है, तो सी.आई.टी. (अपील्स) के समक्ष फ़ाइल, मूल अपील का क्या होगा?
डी.आर.सी. की कार्यवाही समाप्त होने के बाद, सी.आई.टी. (अपील) लंबित अपील पर 'वापिस लिए जाने के कारण ख़ारिज' का आदेश पारित करेंगे।
29. डी.आर.सी. के समक्ष कार्यवाही किस प्रकार आगे बढ़ेगी?
करदाता को डी.आर.सी. से सभी सूचना ई-फ़ाईलिंग पोर्टल पर ई-कार्यवाही टैब के माध्यम से, तथा उसकी पंजीकृत ई-मेल आई.डी. और फ़ॉर्म 34BC के बिंदु 12 में उसके द्वारा उल्लेखित ई-मेल आई.डी. पर प्राप्त होंगे।
30. क्या करदाता डी.आर.सी. की कार्यवाही के दौरान अतिरिक्त दस्तावेज़ी साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है?
हाँ, वह डी.आर.सी. की कार्यवाही के दौरान भी अतिरिक्त दस्तावेज़ी साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।
31. क्या करदाता डी.आर.सी. के समक्ष व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर प्राप्त कर सकता है?
कोई व्यक्तिगत सुनवाई नहीं दी जाएगी। करदाता अपना जवाब केवल ई-फ़ाईलिंग पोर्टल पर ई-कार्यवाही के माध्यम से जमा कर सकता है। लेकिन वह वीडियो टेलीफोनी या वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा के माध्यम से सुनवाई का अनुरोध कर सकता है। वीडियो सुनवाई वेबएक्स, गूगल मीट, आदि के माध्यम से की जा सकती है।
32. क्या डी.आर.सी. द्वारा कार्यवाही पूरी करने के लिए कोई समय सीमा निर्धारित है?
हाँ, डी.आर.सी. उस माह की समाप्ति से छह माह के भीतर [डी.आर.एस., 2022 के पैरा 4(1)(xv) के अनुसार] आदेश पारित करेगी, जिसमें डी.आर.सी. द्वारा आवेदन स्वीकार किया गया था।
33. डी.आर.सी. द्वारा किस प्रकार के आदेश पारित किए जाते हैं?
डी.आर.सी. तीन प्रकार के आदेश पारित कर सकती है। वे इस प्रकार हैं:
(i) निर्दिष्ट आदेश में संशोधन/परिवर्तन करना
(ii) नियम 44DAC के अनुसार दंड में छूट / कमी तथा अभियोजन से प्रतिरक्षा प्रदान करने का निर्णय किया जाएगा
(iii) निर्दिष्ट आदेश में कोई संशोधन / परिवर्तन नहीं करना
34. करदाता को यह कैसे पता चलेगा कि विवाद समाधान समिति के समक्ष की कार्यवाही समाप्त हो गई है?
विवाद समाधान समिति आवेदन का निपटारा करते समय पारित किए गए संकल्प/आदेश की प्रति करदाता के ई-मेल पर तथा क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी को भेजेगी ताकि उसे प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही, फ़ॉर्म 34BC के विरुद्ध पारित आदेश को करदाता अपने ई-फ़ाइलिंग खाते में लॉगिन करके देख सकता है। इसके लिए उसे लम्बित कार्य → ई-कार्यवाही → आपकी जानकारी के लिए टैब में जाना होगा।
35. डी.आर.सी. द्वारा पारित आदेश प्राप्त होने पर क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी द्वारा अपनाई जाने वाली प्रक्रिया।
क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी (जे.ए.ओ.), डी.आर.सी. के निर्देशों के अनुसार संशोधित आदेश की प्रति करदाता को भेजेगा/प्रेषित करेगा। इसके साथ ही करदाता को मांग पत्र भी जारी किया जाएगा, जिसमें यह स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि भुगतान किस तिथि तक करना है।
36: मांग का भुगतान करने के बाद करदाता को क्या करना होगा?
करदाता को मांग के भुगतान का प्रमाण डी.आर.सी. और क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी दोनों को प्रस्तुत करना होगा। मांग के भुगतान की पुष्टि प्राप्त होने पर डी.आर.सी. लिखित आदेश द्वारा करदाता को अभियोजन से प्रतिरक्षा प्रदान करेगी और, यदि लागू हो, तो दंड में छूट या कमी भी प्रदान करेगी।
37. क्या संशोधित आदेश के विरुद्ध अपील या पुनरीक्षण की अनुमति है?
निर्धारण अधिकारी द्वारा डी.आर.सी. के निपटान आदेश को प्रभावी बनाने के लिए पारित आदेश के विरुद्ध कोई अपील या पुनरीक्षण स्वीकार्य नहीं होगा।
38. क्या करदाता डी.आर.सी. के आदेश से संतुष्ट नहीं होने पर सी.आई.टी. (अपील) के समक्ष पुनः अपील कर सकता है?
नहीं, डी.आर.सी. द्वारा आवेदन स्वीकार किए जाने के बाद वह सी.आई.टी.(अपील) के समक्ष पुनः नहीं जा सकता।
39. क्या करदाता अपनी ओर से फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करने के लिए किसी अधिकृत प्रतिनिधि को जोड़ सकता है?
हाँ, करदाता अपनी ओर से फ़ॉर्म 34BC फ़ाइल करने के लिए किसी अधिकृत प्रतिनिधि को जोड़ सकता है। अधिक जानकारी के लिए कृपया 'प्रतिनिधि के रूप में अधिकृत / पंजीकरण उपयोगकर्ता पुस्तिका' देखें।
40. यदि डी.आर.सी. जुर्माने में छूट/कमी देता है तो क्या होगा?
ऐसे मामले में, चेहरारहित (फेसलेस) दण्ड इकाई के समक्ष लंबित दण्ड संबंधी कार्यवाही को क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी को स्थानांतरित कर दिया जाएगा। दण्ड संबंधी कार्यवाही के स्थानांतरण के बाद, क्षेत्राधिकार निर्धारण अधिकारी एक उचित आदेश पारित करेगा, जिसके द्वारा दण्ड में छूट/कमी देने वाले डी.आर.सी. के आदेश को प्रभावी बनाया जाएगा।