Do not have an account?
Already have an account?

अपील और संशोधन

Frequently Asked Questions

अपील और संशोधन पूछे जाने वाले प्रश्न

1. आयकर अधिनियम, 2025 के अंतर्गत अपील, पुनरीक्षण और विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) से संबंधित अध्याय में कौन-कौन से प्रमुख प्रावधान निहित हैं?

आयकर अधिनियम, 2025 के अंतर्गत अपील, पुनरीक्षण और वैकल्पिक विवाद समाधान संबंधी अध्याय अधिनियम के संपूर्ण उपचारात्मक ढांचे को व्यापक रूप से समेकित करता है।  
 
इसमें संयुक्त आयुक्त (अपील) और आयुक्त (अपील) के समक्ष प्रथम अपील (धारा 356-360), अपीलीय न्यायाधिकरण के समक्ष अपील (धारा 361-364), उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष आगे की अपील (धारा 365-368), तथा परिसीमा, मौद्रिक सीमा और अपीलों के प्रभाव से संबंधित सामान्य प्रावधान शामिल हैं।  
 
इसमें सक्षम प्राधिकारी की पुनरीक्षण शक्तियां (धारा 377-378), विवाद समाधान समिति तंत्र (धारा 379), अग्रिम निर्णय बोर्ड तथा धारा 375 और 376 के माध्यम से बार-बार होने वाले मुकदमों से बचने के लिए संरचित तंत्र भी सम्मिलित हैं।

2. क्या आयकर अधिनियम, 2025 और आयकर अधिनियम, 1961 के अंतर्गत अपीलीय पदानुक्रम में कोई परिवर्तन हुआ है? क्या अपीलीय प्राधिकारियों की शक्तियों या अपील के निर्णय की प्रक्रिया में कोई परिवर्तन हुआ है?

नहीं, आयकर अधिनियम, 2025 के तहत अपीलीय पदानुक्रम में कोई संरचनात्मक परिवर्तन नहीं हुआ है। अपीलीय उपायों की संरचना यथावत बनी हुई है और उसी क्रमानुसार जारी है।

निर्धारण अधिकारी → जे.सी.आई.टी.(ए)/सी.आई.टी.(ए) → आई.टी.ए.टी. → उच्च न्यायालय → उच्चतम न्यायालय

अपीलीय प्राधिकारियों की शक्तियाँ— जिनमें मूल्यांकन की पुष्टि करना, घटाना, बढ़ाना या रद्द करना, अतिरिक्त आधार स्वीकार करना, पुनर्विचार रिपोर्ट मंगवाना, गलतियों को सुधारना, शर्तों के अधीन स्थगन आदेश देना आदि शामिल हैं, में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। प्रक्रियात्मक ढाँचा अपरिवर्तित रहा है।

3. क्या आयकर अधिनियम, 1961 की तुलना में नए आयकर अधिनियम, 2025 में अपील फ़ाइल करने की समय सीमा में कोई परिवर्तन हुआ है?

आयकर अधिनियम, 1961 के विपरीत आयकर अधिनियम, 2025 में अपील फ़ाइल करने की समय सीमा अपरिवर्तित रही है।

4. यदि 01.04.2026 को सी.आई.टी.(ए) के समक्ष कोई अपील लंबित है, तो क्या उसका निर्णय आयकर अधिनियम, 1961 या आयकर अधिनियम, 2025 के तहत किया जाएगा? क्या मुझे नई अपील फ़ाइल करनी होगी?

नए अधिनियम की धारा 536(2)(e) में स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त है कि किसी भी आयकर प्राधिकरण, अपील अधिकरण या न्यायालय के समक्ष लंबित कोई भी कार्यवाही जारी रहेगी और उसका निपटारा इस प्रकार किया जाएगा मानो यह अधिनियम लागू ही न हुआ हो। तदनुसार, लंबित अपील आयकर अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के अनुसार जारी रहेगी और उसका निपटारा किया जाएगा। कोई नई अपील फ़ाइल करने की आवश्यकता नहीं है।

5.यदि निर्धारण वर्ष 2026-27 या किसी पूर्ववर्ती निर्धारण वर्ष के संबंध में 1 अप्रैल 2026 के बाद अपील फ़ाइल की जाती है, तो क्या यह आयकर अधिनियम, 1961 या आयकर अधिनियम, 2025 द्वारा शासित होगी?

धारा 536(2)(c)में यह प्रावधान है कि 1 अप्रैल 2026 से पहले शुरू हुए कर वर्ष के संबंध में 1 अप्रैल 2026 को या उसके बाद शुरू की गई कार्यवाही निरस्त अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी। तदनुसार, यदि कोई अपील आयकर अधिनियम, 2025 के लागू होने के बाद भी फ़ाइल की जाती है, और वह निर्धारण वर्ष 2026-27 या किसी पूर्ववर्ती निर्धारण वर्ष से संबंधित है, तो ऐसी अपील आयकर अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के तहत शासित होगी और उसी के अनुसार उसका निपटान किया जाएगा।

6. क्या आयकर अधिनियम, 1961 के तहत अपील फ़ाइल करने की समाप्त हो चुकी समय सीमा को आयकर अधिनियम, 2025 के तहत पुनः सक्रिय किया जा सकता है?

नहीं। आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 536(2)(k) में स्पष्ट रूप से प्रावधान है कि यदि अपील, पुनरीक्षण या संदर्भ फ़ाइल करने की समयावधि नए अधिनियम के प्रारम्भ होने से पहले ही समाप्त हो चुकी है, तो ऐसे अधिकार को केवल इसलिए पुनः सक्रिय नहीं किया जा सकता क्योंकि नए अधिनियम में अलग या विस्तारित समयावधि निर्धारित की गई है।

हालांकि, विलंब माफी का प्रक्रियात्मक उपचार पुराने अधिनियम के तहत अभी भी उपलब्ध हो सकता है, यदि अपीलकर्ता यह साबित कर दे कि उचित सावधानी बरतने के बावजूद अपील समय पर फ़ाइल नहीं की जा सकी। यदि विलंब घोर लापरवाही के कारण हुआ है या कोई पर्याप्त कारण नहीं बताया गया है, तो विलंब माफी के लिए आवेदन अस्वीकृत किया जा सकता है।

7. यदि आयुक्त (अपील) द्वारा निर्धारण वर्ष 2024-25 के लिए पारित अपील आदेश में सुधार 1 अप्रैल 2026 के बाद मांगा जाता है, तो ऐसा सुधार किस अधिनियम के अंतर्गत शासित होगा?

सुधार आयकर अधिनियम, 1961 के संबंधित प्रावधान के तहत किया जाएगा। सुधार मूल अपीलीय कार्यवाही की निरंतरता है। धारा 536(2)(c) और (e) के अनुसार, 01.04.2026 से पहले शुरू होने वाले कर वर्ष से संबंधित कार्यवाही आयकर अधिनियम, 1961 के ढांचे के तहत जारी रहनी चाहिए, जिसमें सुधार और परिसीमा भी शामिल है।

8. यदि निर्धारण वर्ष 2025-26 के लिए कोई अपील 01.04.2026 तक लंबित है, तो क्या ऐसी अपील को जे.सी.आई.टी.(ए) से सी.आई.टी.(ए) में या इसके विपरीत स्थानांतरित किया जा सकता है?

हाँ। आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 246(2) और 246(3) के अनुसार, ऐसी अपीलें जे.सी.आई.टी.(ए) से सी.आई.टी.(ए) या इसके विपरीत स्थानांतरित की जा सकती हैं। नए अधिनियम में संबंधित प्रावधान धारा 356(3)(a) और धारा 356(3)(b) हैं।

9. यदि कोई मामला आई.टी.ए.टी. द्वारा 01.04.2026 को या उसके बाद निर्धारण वर्ष 2023-24 के लिए वापस भेजा जाता है, तो पुनर्विचार कार्यवाही आयकर अधिनियम, 1961 या आयकर अधिनियम, 2025 द्वारा शासित होगी?

यदि अपीलीय न्यायाधिकरण (आई.टी.ए.टी.), 01.04.2026 को या उसके बाद निर्धारण वर्ष 2023-24 के संबंध में किसी मामले को वापस भेजता है, तो पुनर्विचार कार्यवाही आयकर अधिनियम, 1961 के अनुसार ही संचालित होगी। आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 536(2)(c) और (e) में स्पष्ट रूप से प्रावधान है कि 01.04.2026 से पहले प्रारंभ होने वाले कर वर्षों से संबंधित कार्यवाही निरस्त अधिनियम के तहत जारी रखी जाएगी और उसका निपटारा उसी प्रकार किया जाएगा जैसे कि नया अधिनियम लागू ही न हुआ हो। आई.टी.ए.टी द्वारा वापस भेजना मूल निर्धारण कार्यवाही की केवल निरंतरता है और यह नए कानून के तहत कोई नई वजह नहीं पैदा करता। इसलिए, निर्धारण अधिकारी को आयकर अधिनियम, 1961 के प्रक्रियात्मक और मौलिक प्रावधानों के अनुसार ही आदेश पारित करना होगा।

10. निर्धारण वर्ष 2024-25 के संबंध में, 30.03.2025 को प्राप्त निर्धारण आदेश के विरुद्ध अपील फ़ाइल करने के लिए कौन सा अधिनियम लागू होगा, और लागू सीमा अवधि क्या होगी?

चूंकि निर्धारण आदेश वर्ष 2024-25 से संबंधित है, इसलिए अपील आयकर अधिनियम, 1961 के तहत शासित होगी और नए अधिनियम के लागू होने के बाद भी फ़ाइल किया गया है। अपील 1961 अधिनियम के तहत निर्धारित समय सीमा यानी आदेश प्राप्त होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर फ़ाइल की जानी चाहिए।

11. नए अधिनियम के लागू होने पर न्यायालयों, न्यायाधिकरण या आयुक्त (अपील) के समक्ष लंबित अपीलों का क्या होगा?

ऐसी अपीलें पुराने अधिनियम के अंतर्गत ही जारी रहेंगी और उनका निपटारा
पुराने अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही किया जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि किसी करदाता की
आयकर अपील अधिकरण के समक्ष निर्धारण वर्ष 2021-22 से संबंधित कोई अपील लंबित है, तो उस अपील का निर्णय
नए अधिनियम के प्रावधानों के जगह पर पुराने अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।

12. आयकर अधिनियम, 1961 के तहत समान कानूनी प्रश्नों पर बार-बार अपील करने से बचने के लिए कानूनी तंत्र क्या थे, और आयकर अधिनियम, 2025 के तहत उन्हें कैसे पुनर्गठित किया गया है?

आयकर अधिनियम, 1961 के तहत, बार-बार होने वाले मुकदमों से से बचाव दो अलग-अलग प्रावधानों, अर्थात् धारा 158A और धारा 158AB, द्वारा नियंत्रित होता था। धारा 158A के तहत करदाता को यह घोषणा करने की सुविधा मिलती थी कि कानून का एक समरूप प्रश्न उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष लंबित है और वह उसके अंतिम निर्णय का पालन करने के लिए सहमत हो सकता था। दूसरी ओर, धारा 158AB के तहत विभागीय कॉलेजियम को अपील फ़ाइल करने में स्थगित करने का अधिकार मिलता था, यदि कानून का वही प्रश्न पहले से ही उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष लंबित हो। आयकर अधिनियम, 2025 के तहत, इन दोनों व्यवस्थाओं को क्रमशः धारा 375 और 376 के रूप में पुनर्गठित किया गया है, जिससे पूर्व की संरचना को सरल बनाया गया है, लेकिन उसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

13. क्या आयकर अधिनियम, 1961 की तुलना में आयकर अधिनियम, 2025 के तहत तंत्र को लागू करने की शर्तों में कोई परिवर्तन हुआ है?

नहीं, दोनों अधिनियमों के तहत लागू करने की आवश्यक शर्त एक ही रहती है। आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 158A और 158AB के तहत, इस प्रक्रिया का प्रयोग केवल तभी किया जा सकता था जब किसी मामले में कानून का एक समान प्रश्न उठता हो और वही प्रश्न उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष लंबित हो। आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 375 और 376 में कानूनी मुद्दे की समानता और उच्च न्यायिक मंच, अर्थात् उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष इसके लंबित होने की इस मूलभूत आवश्यकता को बरकरार रखा गया है। आयकर अधिनियम, 2025 में यह भी प्रावधान है कि ऐसा लंबित मामला आयकर अधिनियम, 1961 या आयकर अधिनियम, 2025 के अंतर्गत कार्यवाही से संबंधित हो सकता है, जिससे वैधानिक परिवर्तन के दौरान निरंतरता सुनिश्चित होती है

14.आयकर अधिनियम, 1961 के तहत धारा 158A और 158AB किस चरण में लागू की जा सकता है, और क्या आयकर अधिनियम, 2025 के तहत इसके लागू होने के चरण में परिवर्तन हुआ है?

आयकर अधिनियम, 1961 के तहत, धारा 158A का प्रयोग निर्धारण या अपीलीय कार्यवाही के दौरान किया जा सकता था, जब मामला निर्धारण अधिकारी या अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष लंबित हो, जबकि धारा 158AB उस चरण में लागू होती थी जब यह तय किया जा रहा हो कि विभाग को आयुक्त (अपील) या न्यायाधिकरण के आदेश के विरुद्ध आगे अपील दायर करनी चाहिए या नहीं। आयकर अधिनियम, 2025 समान संरचनात्मक स्थिति को बनाए रखता है, जिसमें धारा 375 में मूल्यांकन या अपीलीय चरण में लागू होने वाली करदाता-आधारित व्यवस्था और धारा 376 में आगे अपील फ़ाइल करने के चरण में लागू होने वाली कॉलेजियम आधारित व्यवस्था का प्रावधान है। इस प्रकार, धारा के प्रयोग के चरण पूर्ववर्ती कानून के अनुरूप ही बने रहते हैं।

15. क्या अपील को स्थगित करने के लिए दोनों अधिनियमों के तहत करदाता की स्वीकृति आवश्यक है?

जी हां, करदाता की स्वीकृति का सिद्धांत दोनों अधिनियमों के अंतर्गत लागू रहता है। आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 158 A के तहत, प्रक्रिया इस बात पर आधारित थी कि करदाता एक ही कानूनी प्रश्न पर अंतिम निर्णय का पालन करने के लिए सहमति दे, और धारा 158A के तहत अपील स्थगित करने से पहले प्रश्न की पहचान की स्वीकृति आवश्यक थी। इसी प्रकार, आयकर अधिनियम, 2025 के तहत, धारा 375 करदाता की घोषणा पर आधारित है, और धारा 376 के तहत अपील स्थगित करने से पहले कानूनी मुद्दे की समानता के संबंध में सहमति आवश्यक है। अतः इस संबंध में कोई मौलिक परिवर्तन नहीं है।

16. क्या आयकर अधिनियम, 2025 के तहत विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) के ढांचे में कोई बड़ा परिवर्तन किया गया है?

विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) के ढांचे में कोई महत्वपूर्ण संरचनात्मक परिवर्तन नहीं किया गया है। आयकर अधिनियम 2025 की धारा 379, आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 245MA को मूल रूप से पुनः लागू करती है। उद्देश्य, पात्रता मानदंड, मौद्रिक सीमा (10 लाख रुपये से कम का अंतर; 50 लाख रुपये से कम की रिटर्न आय), और दंड माफी और अभियोजन से छूट देने की शक्ति मूल रूप से वही हैं। बहिष्कृत व्यक्तियों की श्रेणियां भी वही हैं। परिवर्तन मुख्य रूप से स्थान निर्धारण, मसौदा स्पष्टता और धाराओं के पुनः क्रमांकन में किए गए हैं।

17.आयकर अधिनियम 2025 के अंतर्गत विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) की क्या शक्तियाँ हैं?

आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 379(2) के तहत स्पष्ट रूप से कहा गया है कि डी.आर.सी. दंड माफ़ी या अभियोजन उन्मुक्ति के अलावा निर्दिष्ट आदेश में विविधताओं में संशोधन कर सकता है। यह निर्दिष्ट आदेश में कर विविधताओं को संशोधित करने के डी.आर.सी. के अधिकारों को स्पष्ट करता है।

18.क्या 01.04.2026 के बाद परिवर्तन काल ​​के दौरान डी.आर.सी. प्रावधान अलग तरह से लागू होंगे?

नहीं। विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) के प्रावधान 1 अप्रैल, 2026 के बाद के परिवर्तन के कारण अलग तरह से काम नहीं करते हैं। आयकर अधिनियम, 2025 के बचाव और परिवर्तनकालीन प्रावधानों के अनुसार, इसके लागू होने से पहले के कर वर्षों से संबंधित कार्यवाहियाँ आयकर अधिनियम, 1961 द्वारा ही शासित होती रहेंगी। इसलिए, डी.आर.सी. तंत्र की उपलब्धता और प्रयोज्यता संबंधित कर वर्ष को नियंत्रित करने वाले अधिनियम पर निर्भर करेगी, और यह परिवर्तन 1961 अधिनियम के तहत संरक्षित मामलों के लिए 2025 अधिनियम के तहत डी.आर.सी. का आह्वान करने का कोई स्वतंत्र या विस्तारित अधिकार नहीं बनाता है।

19.जहां आयकर अधिनियम, 1961 और आयकर अधिनियम, 2025 में "निर्दिष्ट आदेश" को मसौदा निर्धारण आदेश को शामिल करने के लिए परिभाषित किया गया है, क्या कोई करदाता विवाद समाधान पैनल (डी.आर.पी) और विवाद समाधान समिति (डी.आर.सी.) के बीच चयन कर सकता है?

हाँ— सैद्धांतिक रूप से, दोनों तंत्र उपलब्ध हैं क्योंकि 1961 अधिनियम की धारा 144C (2025 अधिनियम की धारा 275(1)) के तहत मसौदा आदेश, डी.आर.सी. उद्देश्यों के लिए "निर्दिष्ट आदेश" की परिभाषा के अंतर्गत आता है। हालांकि, डी.आर.सी.) की उपलब्धता वैधानिक पात्रता शर्तों (जैसे मौद्रिक सीमा, परिवर्तन की प्रकृति, गंभीर अपराधों की अनुपस्थिति आदि) के अधीन है। इस प्रकार, जहां एक ओर परिभाषा प्रारंभिक चरण में दो या दो से अधिक कानूनों का एक ही विषय वस्तु पर लागू होने (ओवरलैप) की अनुमति देती है, परंतु दूसरी तरफ दोनों उपचार वैकल्पिक हैं, समवर्ती नहीं, और करदाता दोनों का एक साथ उपयोग नहीं कर सकता है।

20. क्या आयकर अधिनियम, 2025 ने आयकर अधिनियम, 1961 के अध्याय XIX-B की तुलना में अग्रिम निर्णय तंत्र में कोई मौलिक या प्रक्रियात्मक परिवर्तन किया है?

आयकर अधिनियम, 2025 के अंतर्गत अग्रिम निर्णय ढांचे में कोई मौलिक या प्रक्रियात्मक परिवर्तन नहीं किया गया है। आयकर अधिनियम मूलतः आयकर अधिनियम, 1961 (वित्त अधिनियम, 2021 के बाद संशोधित) की धारा 245N से 245W में निहित प्रावधानों को समेकित, पुनः क्रमांकित और सुव्यवस्थित करता है।

21. यदि 01.04.2026 को आयकर अधिनियम, 1961 के तहत अग्रिम निर्णय के लिए कोई आवेदन लंबित था, तो उससे कैसे निपटा जाएगा?

धारा 536(2)(e) और (j) के अनुसार, लंबित कार्यवाहियाँ निरस्त होने से अप्रभावित रहती हैं, जब तक कि इनमें विशेष रूप से परिवर्तन न किया जाए। अतः, लंबित अग्रिम निर्णय आवेदन तत्कालीन लागू कानून के तहत गठित सक्षम प्राधिकारी के समक्ष जारी रहेगा। आयकर अधिनियम 2025 लंबित अग्रिम निर्णय कार्यवाहियों को प्रभावित नहीं करता है।

22. यदि निरस्त होने से पहले आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 263 के तहत कोई पुनरीक्षण शुरू नहीं किया गया था, तो क्या 2026 से पहले के किसी कर वर्ष के लिए 01.04.2026 के बाद नए सिरे से पुनरीक्षण शुरू किया जा सकता है?

हां, अगर आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 263(2) के तहत निर्धारित समय सीमा समाप्त न हुई हो। धारा 536(2)(c) पूर्व के कर वर्षों के लिए 1.04.2026 के बाद कार्यवाही शुरू करने की अनुमति देती है, लेकिन यह कार्यवाही आयकर अधिनियम, 1961 की प्रक्रिया के अनुसार ही होनी चाहिए। हालांकि, यदि समय सीमा समाप्त हो चुकी है, तो इसे आयकर अधिनियम, 2025 के तहत पुनर्जीवित नहीं किया जा सकता है।

23. आयकर अधिनियम, 2025 के तहत, क्या किसी आदेश के संशोधन के लिए क्षेत्राधिकार संबंधी शर्त के रूप में यह आवश्यकता कि आदेश "त्रुटिपूर्ण" और "राजस्व के हितों के लिए हानिकारक" दोनों होना चाहिए, लागू होती रहेगी?

आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 377 के तहत यह मूलभूत अधिकारक्षेत्रीय आवश्यकता बनी हुई है कि निर्धारण अधिकारी का आदेश त्रुटिपूर्ण और राजस्व के हितों के लिए हानिकारक दोनों होना चाहिए, ठीक उसी तरह जैसे यह आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 263 के तहत मौजूद थी।

24.क्या आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 263 और आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 377 के तहत पुनरीक्षण की परिसीमा अवधि में कोई परिवर्तन हुआ है?

बाहरी परिसीमा अवधि में कोई मौलिक परिवर्तन नहीं किया गया है। आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 263 और आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 377(4) दोनों के तहत, पुनरीक्षण के लिए उस वित्तीय वर्ष की समाप्ति से दो वर्ष के भीतर आवेदन करना अनिवार्य है जिसमें पुनरीक्षण के लिए आदेश पारित किया गया था।

हालांकि, आयकर अधिनियम, 2025 गणना तंत्र को परिष्कृत और स्पष्ट करता है। जहां आयकर अधिनियम, 1961 में कार्यवाही पर रोक या पुनर्विचार के दौरान के समय को (धारा 129 के तहत) बाहर रखने का प्रावधान था, वहीं आयकर अधिनियम, 2025 (धारा 377(6)) में स्पष्ट रूप से उन अवधियों का उल्लेख किया गया है जिन्हें बाहर रखा जाना है, जैसे- पुनर्विचार में व्यतीत समय और वह अवधि जिसके दौरान किसी न्यायालय द्वारा कार्यवाही पर रोक लगाई जाती है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि धारा 377(7) में स्पष्ट रूप से 60 दिनों की न्यूनतम अवशिष्ट अवधि का नियम लागू किया गया है, जिसमें यह प्रावधान है कि यदि प्रासंगिक अवधियों को छोड़कर, पुनरीक्षण आदेश पारित करने के लिए उपलब्ध शेष समय 60 दिनों से कम है, तो यह स्वतः ही 60 दिनों तक बढ़ा दिया जाएगा।

25. यदि आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 264 के अंतर्गत कोई आवेदन 01.04.2026 को लंबित है, तो उसका निपटारा किस अधिनियम के तहत किया जाएगा — आयकर अधिनियम, 1961 या आयकर अधिनियम, 2025?

आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 264 के तहत फ़ाइल किया गया और 01.04.2026 को लंबित पुनरीक्षण आवेदन का निपटारा आयकर अधिनियम, 1961 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा। आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 536(2)(c) और (e) में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि नए अधिनियम के लागू होने की तिथि पर लंबित कोई भी कार्यवाही, जिसमें पुनरीक्षण कार्यवाही भी शामिल है, जारी रहेगी और उसका निपटारा इस प्रकार किया जाएगा मानो नया अधिनियम लागू ही न हुआ हो। धारा 264 के तहत पुनरीक्षण निरसित अधिनियम के तहत शुरू की गई एक वैधानिक कार्यवाही है, और इसके अधिकार, कार्य क्षेत्र, सीमाएं और शक्तियां उसी अधिनियम द्वारा शासित होती हैं।